शिवपुरी नगर के वार्ड क्रमांक 02 में स्थित पुराना बंजारी माता मार्ग बारिश के बाद बदहाली की स्थिति में पहुंच गया है। मार्ग पर कीचड़ और जलभराव होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को मजबूरी में कीचड़ के बीच से होकर निकलना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्ग पर बारिश का पानी जमा होने के साथ मिट्टी और गंदगी के कारण सड़क पूरी तरह फिसलन भरी हो गई है। पैदल चलने वाले लोगों को विशेष परेशानी हो रही है। वहीं, मार्ग दोनों तरफ बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आने के कारण पूरी तरह बंद हो गया है।

पुराना बंजारी माता मार्ग स्थानीय लोगों के रोजमर्रा के आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है। वार्ड के रहवासियों के साथ इस मार्ग से आने-जाने वाले अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासी नगर परिषद को आवेदन भी दे चुके हैं, इसके बावजूद समस्या का कोई संज्ञान नहीं लिया गया है।

कीचड़ के कारण लोगों के कपड़े और जूते खराब हो रहे हैं। बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को रास्ते से निकलने में विशेष दिक्कत हो रही है। नागरिकों का कहना है कि बारिश के दौरान मार्ग की स्थिति हर बार खराब हो जाती है। सड़क की उचित मरम्मत, जल निकासी और आवश्यक निर्माण कार्य समय पर कराया जाए तो समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

स्थानीय रहवासियों ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और नगर परिषद से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कराकर मार्ग से कीचड़ हटवाया जाए। साथ ही जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि मार्ग से आवागमन सुचारु हो सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story