शाजापुर में भाजपा कार्यालय के सामने सड़क पर मिला 25 वर्षीय युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
शाजापुर के लक्ष्मी नगर में भाजपा कार्यालय के सामने 25 वर्षीय नितिन मालवीय का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस जांच जारी है, मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।

तस्वीर में कंक्रीट के फर्श पर अचेत अवस्था में चित्त लेटा हुआ एक युवक दिखाई दे रहा है, जिसने गुलाबी चेकदार शर्ट और नीली जींस पहनी हुई है।
शाजापुर शहर के लक्ष्मी नगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे भाजपा कार्यालय के आगे सड़क पर एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान नितिन मालवीय (25), पिता बंसीलाल मालवीय, निवासी टंकी चौराहा, शाजापुर के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से आगर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में शाजापुर के टंकी चौराहा क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है। नितिन मजदूरी करता था। उसका विवाह वर्ष 2021 में हुआ था और उसके दो छोटे बच्चे हैं।
परिजनों के अनुसार, करीब चार महीने पहले नितिन की पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था और शराब का अधिक सेवन करने लगा था।
मृतक के पिता बंसीलाल मालवीय ने बताया कि नितिन काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जिस स्थान पर उसका शव मिला, उसके पास ही उसके मौसेरे भाई का किराए का मकान है। दोनों साथ में मजदूरी करते थे।
कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि युवक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से मामले की जांच शुरू कर दी है। अब मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
