मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां मक्सी थाना क्षेत्र के सिरोलिया गांव में एक निजी स्कूल के शिक्षक ने कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले शिक्षक ने एक स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप पर संदेश लिखकर अपनी पीड़ा साझा की और कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए।

घटना सिरोलिया रेलवे स्टेशन के पास हुई। मृतक की पहचान सिरोलिया निवासी 38 वर्षीय सतीश जोशी पिता मणीशंकर जोशी के रूप में हुई है। सतीश गांव से करीब छह किलोमीटर दूर साजोद गांव के एक निजी स्कूल में शिक्षक थे और अपनी मेहनत के बल पर बच्चों को पढ़ाते थे। वह प्रतिदिन पैदल ही स्कूल आया-जाया करते थे। सोमवार शाम जब वह स्कूल से लौट रहे थे, तभी इंदौर-कोटा ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। आत्महत्या करने से ठीक पहले सतीश जोशी ने एक व्हाट्सएप ग्रुप पर संदेश साझा किया था। संदेश में उन्होंने लिखा कि गांव के कुछ लोग उनके बारे में लगातार गलत और झूठी अफवाहें फैला रहे थे, जिसके कारण वह पिछले दो महीनों से मानसिक तनाव और प्रताड़ना का सामना कर रहे थे।

आत्महत्या से पहले किए गए व्हाट्सएप संदेश में सतीश जोशी ने गांव के दीपक (कालु) पाटीदार पर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया और प्रशासन से उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने अपने सभी मित्रों और परिचितों को अंतिम प्रणाम करते हुए लिखा कि यदि जाने-अनजाने उनसे किसी को कोई ठेस पहुंची हो तो वे उन्हें क्षमा कर दें।

मृतक के भाई राहुल जोशी ने बताया कि सतीश अविवाहित थे। इसी बात को लेकर गांव के कुछ लोग उन्हें अक्सर परेशान करते थे और उनके खिलाफ अनर्गल बातें फैलाकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रहे मानसिक तनाव के कारण सतीश अंदर से पूरी तरह टूट चुके थे।

मक्सी थाना प्रभारी मदन इवने ने मामले की पुष्टि की है। शिक्षक की आत्महत्या से पहले सामने आए व्हाट्सएप संदेश और परिजनों के आरोपों के बाद मामला गंभीर हो गया है, जिस पर पुलिस की कार्रवाई और जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story