शाहपुर में सूने मकान से 5 लाख की चोरी का खुलासा, कार-जेवरात बरामद, आरोपी गिरफ्तार
शाहपुर में सूने मकान से 5 लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया, कार और जेवरात बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे पर 10 हजार का इनाम घोषित।

तस्वीर में शाहपुर थाना परिसर के सामने पुलिसकर्मी गिरफ्तार आरोपी के साथ दिखाई दे रहे हैं।
जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये मूल्य की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद कर ली है।
मामला ग्राम सालीमेट निवासी फरियादिया रश्मि धुर्वे के सूने मकान से जुड़ा है, जहां 18 फरवरी 2026 की शाम अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चुरा ली थी। इस संबंध में थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही भौंरा चौकी प्रभारी नीरज खरे और स.उ.नि. भरतनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट, डॉग स्क्वॉड और सीसीटीवी फुटेज के सूक्ष्म निरीक्षण से मिले तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम भटेरा निवासी जितेन्द्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी कृष्ण कुमार चौरे उर्फ बबलू, निवासी जिला छिंदवाड़ा, के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी कृष्ण कुमार चौरे की गिरफ्तारी या उसकी सूचना देने वाले के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹10,000 के इनाम की घोषणा की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमरे, अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ निरीक्षक आबिद अंसारी, चौकी प्रभारी नीरज खरे, स.उ.नि. भरतनाथ सिंह, प्रधान आरक्षक सुभाष मकोड़े, प्रधान आरक्षक शेख शाहिद, आरक्षक धीरज काले, जयकिशन विश्वकर्मा, चालक पवन एनिया और डॉग मास्टर विवेक गाडगे की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि वे लंबे समय के लिए घर बंद न छोड़ें। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
