राजनांदगांव जिले की पुलिस चौकी चिचोला ने सोशल मीडिया के जरिए अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आरोपियों पर ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस चौकी चिचोला में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी लोकेन्द्र पड़ौती, कुनाल नेताम और किशोर चंद्रवंशी उसके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से अश्लील फोटो एवं वीडियो भेजते थे।

पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए फोटो वायरल करने की धमकी देते थे। फोटो और वीडियो वायरल नहीं करने के एवज में आरोपियों ने ₹2,000 की मांग भी की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 136/2026 के तहत धारा 351(4), 296, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी केशरी नायक के निर्देशन में चौकी प्रभारी योगेश पटेल और पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेन्द्र पड़ौती (19 वर्ष), कुनाल नेताम (19 वर्ष) और किशोर चंद्रवंशी (19 वर्ष) निवासी कोटनापानी, थाना बोरतलाव, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय डोंगरगढ़ में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील सामग्री वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने के मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story