मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत से हड़कंप मचा है। सब्जी काटते समय अचानक बेहोश होने से हुई महिला की मौत के बाद पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मृतिका का कोविड काल में प्रेम विवाह हुआ था, जिसे लेकर पुलिस हर पहलू पर पड़ताल में जुटी है।

नरसिंहपुर के गोटेगांव क्षेत्र में पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ और जांच करते हुए।
मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना अंतर्गत ग्राम कमोद में 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना के संबंध में मृतिका के परिजनों ने बताया कि दुर्गा बाई छिरा अपने घर में खाना बनाने के लिए सब्जी काट रही थी, तभी अचानक वह बेहोश हो गई। परिवार के लोग उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और कानूनी कार्यवाही शुरू की। महिला चिकित्सकों की टीम द्वारा मृतिका का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतिका का विवाह कोविड काल के दौरान प्रेम विवाह हुआ था। इस वजह से पुलिस की जांच प्रक्रिया के दौरान मृतिका के मायके पक्ष से कोई भी व्यक्ति वहां नजर नहीं आया। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

