नरसिंहपुर जिले के स्टेशनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मगरधा चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्राला ने सीआरपीएफ की 47वीं बटालियन के वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य जवानों और ट्राला चालक को भी मामूली चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही स्टेशनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर उनका उपचार शुरू कराया। पुलिस के अनुसार सीआरपीएफ का वाहन क्रमांक एमपी 50 टी 8474 बालाघाट से भोपाल बटालियन का सामान लेकर जा रहा था। वाहन में कुल 10 जवान सवार थे, जिनमें चार आगे और छह पीछे बैठे थे।

मगरधा चौराहे के पास पीछे से ट्रैक्टर वाहनों को लेकर आ रहे ट्राला क्रमांक एमएच 40 बीजी 6607 ने सीआरपीएफ वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सीआरपीएफ का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और पीछे बैठे दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में आरक्षक रोनीन (35) पिता एम. रामन शानीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वे सीआरपीएफ की 47वीं बटालियन बालाघाट में पदस्थ हैं तथा तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले के निवासी हैं। उनके जबड़े में फ्रैक्चर तथा दाहिने कंधे में गंभीर चोट आई है। वहीं आरक्षक जयपाल वैद्य (46) पिता गोदरू वैद्य, निवासी भंडारा (महाराष्ट्र), के दाहिने घुटने में फ्रैक्चर होने के साथ दाहिने कंधे, कोहनी और बाएं हाथ की कलाई में भी गंभीर चोटें आई हैं।

अन्य घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं ट्राला चालक दिलीप यादव निवासी आजमगढ़ को भी चोट आई है। स्टेशनगंज पुलिस ने ट्राला चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story