नरसिंहपुर में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। जिलेभर से हजारों किसान कृषि उपज मंडी में एकत्र हुए और सरकार से 20 सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।

किसान नेताओं ने कृषि उपज मंडी में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रशासन के सामने रखा। सभा के बाद करीब 500 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ किसान ट्रैक्टर रैली के रूप में मंडी से रवाना हुए।



किसानों की रैली मंडी से निकलकर सुभाष पार्क चौराहे पहुंची, जहां जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद रैली का समापन गांधी चौराहे पर हुआ। आंदोलन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष विमलेश पटेल, जिला सचिव लोकेश पटेल, किसान नेता देवेंद्र पाठक, कनछेदी पटेल, प्रदीप गुमास्ता, प्रताप पटेल और रामजी पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया।

किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से गन्ना नीति लागू करने, सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी, खाद की पर्याप्त उपलब्धता, 12 घंटे बिजली, फसल नुकसान का मुआवजा तथा शुगर मिलों के बकाया भुगतान सहित 20 सूत्रीय मांगों को प्रशासन के माध्यम से शासन तक पहुंचाया।

इस आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी रही। ट्रैक्टर रैली और ज्ञापन सौंपने के माध्यम से किसानों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story