उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के एक मीडियाकर्मी और उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कर लौट रही तेज रफ्तार आर्टिगा कार चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना में कार सवार दो मासूम बच्चे सुरक्षित बच गए।

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 2 बजे ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में हनुमना जाने वाली लेन पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि आर्टिगा कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हादसे में मृतकों की पहचान कटनी निवासी विकास (35) और उनकी पत्नी सोनम (31) के रूप में हुई है। विकास मध्य प्रदेश में मीडियाकर्मी थे। वह अपने बेटों शिवांश (4) और रुद्र (डेढ़ साल) के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के लिए गए थे और किराए की आर्टिगा कार से परिवार सहित लौट रहे थे।

दुर्घटना में चालक हीरालाल (23), हिमांशु ताम्रकार (27), सक्षम ताम्रकार (17) और राधा (40) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायल सतना के निवासी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

मृतक विकास के साले सक्षम ने बताया कि परिवार शनिवार रात करीब 10 बजे वाराणसी से रवाना हुआ था। रात लगभग 12 बजे सिंह ढाबा पर भोजन करने के बाद सभी ने कुछ देर आराम किया और फिर यात्रा शुरू की। सक्षम के अनुसार, रवाना होने के 15 से 20 मिनट बाद उन्हें नींद आ गई। इसके बाद जब उनकी आंख खुली तो वह अस्पताल में घायल अवस्था में थे।

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज के क्षेत्राधिकारी और ड्रमंडगंज के प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और आर्टिगा कार को कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक की तलाश जारी है। यह हादसा लंबी दूरी की यात्रा के दौरान चालक को आई झपकी के संभावित खतरे और सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर सतर्कता की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करता है।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story