मध्यप्रदेश के मंदसौर में 12 दिन से लापता पांच वर्षीय मासूम अहमद रजा की तलाश अब भी जारी है, लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। नाले से लेकर आसपास के इलाकों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन जांच अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।

मासूम की तलाश में हो रही देरी से परेशान परिजनों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। अहमद रजा की जल्द तलाश और सकुशल वापसी की मांग को लेकर परिजन मंदसौर के गांधी चौराहे पर धरने पर बैठ गए। धरने की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक विपिन जैन भी मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ धरने में शामिल होकर मासूम की तलाश में तेजी लाने की मांग की।

दरअसल, 5 जुलाई को मंदसौर के खानपुरा स्थित नीलम शाह दरगाह मैदान में बारिश के दौरान खेलते-खेलते पांच वर्षीय अहमद रजा अचानक लापता हो गया था। बच्चे के गायब होने के बाद से ही परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा है। पुलिस, जिला प्रशासन, नगर पालिका और स्थानीय लोगों की मदद से नाले सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

जांच के दौरान क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की कई घंटों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन मासूम तक पहुंचने वाला कोई ठोस सुराग अब तक सामने नहीं आया। गांधी चौराहे पर हुए धरने के दौरान पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों तथा विधायक को भरोसा दिलाया कि मासूम की तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं तथा मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story