मंडला जिले के मवई विकासखंड में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क अधोसंरचना योजना के तहत हर्राटोला (पखवार) से सठिया तक करोड़ों रुपये की लागत से बनाई जा रही सड़क पहली ही बारिश में उखड़ने लगी है। निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है, लेकिन कई स्थानों पर डामर की परत उखड़ने और दरारें आने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल सकी। सड़क की खराब स्थिति से आवागमन प्रभावित हो रहा है और लोगों में नाराजगी है। उल्लेखनीय है कि जिस निर्माण कंपनी को यह कार्य सौंपा गया है, उस पर पहले भी घटिया निर्माण के आरोप लग चुके हैं।

मामले को लेकर युवा कांग्रेस के बिछिया विधानसभा अध्यक्ष बोधू सिंह मरावी ने उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कर दोषी अधिकारियों, इंजीनियरों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो जनआंदोलन किया जाएगा।

वहीं, आरईएस विभाग की इंजीनियर गीता आर्मो ने निर्माण कंपनी की लापरवाही स्वीकार करते हुए बताया कि एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दोबारा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब करोड़ों रुपये की इस परियोजना में निर्माण गुणवत्ता की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में प्रशासन की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर स्थानीय लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story