मध्य प्रदेश के मैहर जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुलुवा में देर रात जंगली तेंदुए के हमले से भारी तबाही मच गई। एक हिंसक तेंदुआ बाड़े में बंधे भेड़ों के झुंड में घुस गया और अचानक हमला कर दिया। इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तेंदुए के हमले में 8 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत भेड़ें स्थानीय निवासी रामसोहन पाल उर्फ बिद्दू की थीं। पीड़ित पशुपालक अपने परिवार का जीविकोपार्जन इन्हीं भेड़ों के सहारे करता था। रात के समय तेंदुए के बाड़े में घुसकर हमला करने से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ। सुबह जब परिजन बाड़े में पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। चारों ओर मृत और लहूलुहान भेड़ें पड़ी हुई थीं।

घटना की जानकारी फैलते ही ग्राम गुलुवा में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। तेंदुए की लगातार चहलकदमी और उसके आक्रामक रुख से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब भी आसपास के जंगलों या झाड़ियों में छिपा हो सकता है, जिससे इंसानों और अन्य मवेशियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस एवं वन विभाग की टीम को सूचित किया गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि पीड़ित पशुपालक रामसोहन पाल को तत्काल उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में जल्द से जल्द पिंजरा लगाया जाए और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story