मैहर में अवैध महुआ शराब पर पुलिस का शिकंजा, 60 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 60 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

ताला थाना पुलिस द्वारा मैहर जिले के ललितपुर नंबर-2 से 60 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी को थाने लाया जा रहा है।
मैहर। जिले के ताला थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 60 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने ग्राम ललितपुर नंबर-2 स्थित कोडलहरी घाट के पास नदी किनारे शराब बेचने की फिराक में खड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 12 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा के अनुसार, 13 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ललितपुर नंबर-2 के कोडलहरी घाट के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेचने के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान रंजीत कुमार मांझी (32), निवासी ग्राम कन्देहली, ललितपुर नंबर-1, थाना ताला के रूप में की है। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक के चार बड़े डिब्बे बरामद हुए, जिनमें कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि अवैध शराब के कारोबार में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध महुआ शराब की बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच पर पुलिस का ध्यान केंद्रित है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
