महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान नशीली दवाओं की तस्करी का खुलासा हुआ, वहीं दूसरे मामले में 28 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया गया।

पहले मामले में बिलासपुर के रहने वाले आरोपी शिवम दास और संतोष सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी ओड़िशा से नशीली दवाओं का जखीरा लेकर बिलासपुर जा रहे थे। इसी दौरान छत्तीसगढ़-ओड़िशा सीमा स्थित रेहटीखोल में पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान नशीली दवाओं की अवैध तस्करी का मामला सामने आया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरे मामले में बसना-पदमपुर सड़क पर पलसापाली बेरियर के समीप पुलिस ने गांजा तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान धनीराम साहू के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि वह ओड़िशा से गांजा लाकर शिवरीनारायण में खपाने की योजना बना रहा था।

पुलिस ने महिन्द्रा बोलेरो वाहन की तलाशी ली, जिसमें गांजा का परिवहन किया जा रहा था। वाहन से 28 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया गया। इस मामले में आरोपी धनीराम साहू के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की लगातार कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story