कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र स्थित विलायत कलां गांव की महिलाओं ने 'शक्ति महिला संघ बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित' पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं और प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर संस्था के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

महिलाओं का आरोप है कि संस्था के संचालकों ने दैनिक जमा योजना के नाम पर उनसे लाखों रुपए जमा करवाए। महिलाओं के अनुसार, परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद जब उन्होंने अपनी जमा राशि वापस मांगी तो संस्था का कार्यालय बंद मिला और संचालक कथित रूप से फरार हो गए।

पीड़ित महिलाओं ने बताया कि संस्था की ओर से रोजाना 100 रुपए जमा कराने की योजना बताकर सैकड़ों महिलाओं की पासबुक बनवाई गई थी। महिलाओं ने नियमित रूप से राशि जमा की, लेकिन अवधि पूरी होने के बाद भुगतान के लिए संपर्क करने पर संस्था के कर्मचारियों ने उन्हें चेक दे दिए।

महिलाओं के अनुसार, जब इन चेकों को बैंक में लगाया गया तो सभी चेक बाउंस हो गए, क्योंकि संस्था के खाते में पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं थी। पीड़ित महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर चेक बाउंस की प्रतियां भी अधिकारियों को सौंपीं।

महिलाओं ने पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने 9 मार्च को बड़वारा थाने और 3 जुलाई को कटनी डीएसपी को शिकायत दी थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि संस्था के कर्मचारी संजय सिंह ने पैसे वापस मांगने पर उन्हें धमकी दी और कानूनी प्रक्रिया में अड़ंगा लगाने की बात कही। पुलिस से मदद नहीं मिलने के बाद महिलाओं को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन से गुहार लगानी पड़ी।

महिलाओं ने ज्ञापन के माध्यम से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उनकी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की है। मामले में महिलाओं की शिकायत और सौंपे गए दस्तावेजों के आधार पर प्रशासनिक कार्रवाई की मांग उठाई गई है।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story