कटनी जिले के ग्राम खिरवा नंबर 1 में दलित और आदिवासी परिवारों का पुश्तैनी रास्ता बंद करने तथा विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में पीड़ित ग्रामीण और महिलाएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने एसपी अभिनय विश्वकर्मा को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, बंद रास्ता खुलवाने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

एसपी कार्यालय पहुंचे फुटहा टोला, आदिवासी मोहल्ला, नई बस्ती और चहला टोला के निवासियों ने बताया कि उनका बरसों पुराना पुश्तैनी रास्ता जंगल से लगी सरकारी जमीन से होकर गुजरता है। ग्रामीणों के अनुसार, यह रास्ता लंबे समय से उनके आवागमन का मुख्य मार्ग रहा है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 12 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे गांव के सुनील सिंह, संजय सिंह, गोलू कोल और उनके साथियों ने ट्रैक्टर लेकर सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया। आरोप है कि उन्होंने वहां बने सार्वजनिक देवी स्थापना पंडाल को तोड़ दिया और करीब सात साल पुराने बरगद के पेड़ को भी उखाड़ फेंका। इसके बाद आरोपियों ने मुख्य रास्ते पर ट्रैक्टर से मेड़ बनाकर आवागमन का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने रास्ता बंद किए जाने का विरोध किया तो आरोपी आक्रामक हो गए। आरोप है कि उन्होंने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अभद्रता की और विरोध करने पर घर की महिलाओं के साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़ितों के अनुसार, आरोपियों ने यह धमकी भी दी कि यदि कोई दोबारा इस रास्ते से गांव की ओर आया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। घटना के बाद से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।

पीड़ितों ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित आरोपियों ने अपनी जमीन पर कुछ बाहरी संदिग्ध तत्वों को बसा रखा है, जो इलाके में अवैध शराब बेचते हैं और आए दिन विवाद कर गांव का माहौल खराब करते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना वाले दिन 12 जुलाई को ही विजयराघवगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई उचित कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण उन्हें जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी की शरण लेनी पड़ी।

पीड़ित ग्रामीणों ने बंद रास्ता तत्काल बहाल कराने और आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की है। इस पूरे मामले में डीएसपी रत्नेश मिश्रा ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत प्राप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी पूरी जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब इस मामले में जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story