कटनी जिले में बरगी व्यपवर्तन परियोजना की दाईं तट मुख्य नहर के तहत चल रहे टनल निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने थाना स्लीमनाबाद क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण तथा निर्माण एजेंसी मेसर्स पटेल-एस.ई.डब्ल्यूयू के अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और कार्य के दौरान सामने आ रही चुनौतियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण स्थल पर सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया।

टनल निर्माण स्थल के निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने थाना स्लीमनाबाद का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना अभिलेखों, लंबित अपराधों, मर्ग प्रकरणों तथा अन्य विवेचनाधीन मामलों की समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारी और विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा विवेचना में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए।

पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और जनता से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, थाना प्रभारी स्लीमनाबाद सुदेश समन तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण निर्माण कार्य की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था और थाना स्तर पर लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story