कटनी जिले की स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम निमास में पिछले छह माह से जलभराव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से राहत मिली है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जल निकासी में बाधा बन रहे अवरोध को हटाया और सीमेंट पाइप डालकर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी।

जनसुनवाई एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण की मंशा के अनुरूप की गई इस कार्रवाई की शुरुआत 16 जून को हुई जनसुनवाई से हुई थी। उस दौरान ग्राम निमास के सुखलाल मेहरा सहित वार्ड क्रमांक 10 एवं 11 के ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी को शिकायत देकर बताया था कि गांव के कुछ लोगों द्वारा जल निकासी मार्ग अवरुद्ध कर दिए जाने के कारण पिछले लगभग छह माह से क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

ग्रामीणों ने शिकायत में बताया था कि गंदा पानी लगातार जमा रहने से निचली बस्ती के रहवासियों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को प्रतिदिन आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही क्षेत्र में संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने तत्काल स्लीमनाबाद तहसीलदार को स्थल निरीक्षण कर शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशों के पालन में शुक्रवार को तहसीलदार श्री आकाशदीप नामदेव पुलिस बल के साथ ग्राम निमास पहुंचे।

प्रशासनिक टीम ने ग्रामीणों की उपस्थिति में पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जल निकासी में बाधा बन रही मेढ़ को हटवाया गया और आवश्यक स्थान पर सीमेंट पाइप डलवाए गए, जिससे पानी की निकासी पुनः सुचारू हो गई।

कार्रवाई के बाद वार्ड क्रमांक 10 एवं 11 में लंबे समय से जमा पानी निकलना शुरू हो गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनसुनवाई में रखी गई समस्या का समयबद्ध समाधान होने से शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story