कटनी के थाना माधवनगर पुलिस ने चंदन के पेड़ों की चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला और पुरुष समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चंदन के पेड़ों के टुकड़े भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के खिलाफ कटनी के सीमावर्ती जिला सतना में भी अपराध दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले माला, रुद्राक्ष सहित अन्य धार्मिक सामग्री बेचने के बहाने क्षेत्र की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय चंदन के पेड़ों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

जानकारी के अनुसार ग्राम छहरी स्थित शंकर सिंधी के चंदन और आंवले के बगीचे से 8 और 9 मार्च 2026 की रात 15 चंदन के पेड़ काटकर चोरी कर लिए गए थे। वहीं 15 अन्य चंदन के पेड़ों के तनों को काटकर क्षतिग्रस्त भी कर दिया गया था। मामले में चौकीदार कमलेश कुशवाहा की शिकायत पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 229/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

लगातार तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सतना जिले में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर कटनी लाया। गिरफ्तार आरोपियों में राजू उर्फ चमरा पारधी, ईजुव पारधी, इलावन पारधी, मकौना उर्फ मतऊआ पारधी, अक्सेना उर्फ गुलगुली पारधी, सभी निवासी पटेहरा, थाना कुठला, जिला कटनी तथा डई पारधी निवासी देवरी, थाना बीजाडांडी, जिला मंडला शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चंदन के टुकड़े जब्त किए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक नवीन नामदेव, उपनिरीक्षक योगेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक रामनरेश मिश्रा एवं आरक्षक लोकेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story