कटनी में रीठी तहसील के ग्राम सिमरा नंबर-1 के ग्रामीण मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने पर उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य गेट के सामने अघोषित धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। तेज बारिश के बावजूद ग्रामीण धरने पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरने के दौरान ग्रामीणों ने “मोहन सरकार होश में आओ”, “महिला विरोधी यह सरकार नहीं चलेगी” और “मजदूर विरोधी यह सरकार नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाते हुए प्रस्तावित भूमि आवंटन का विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण लगातार अपनी मांगों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश करते रहे।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सिमरा नंबर-1 की शासकीय भूमि को औद्योगिक प्रयोजन के लिए आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही है। उनका कहना है कि इस संबंध में उन्होंने पहले भी रीठी तहसील कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई थी, लेकिन कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर वे जनसुनवाई के दौरान अपनी बात रखने कलेक्ट्रेट पहुंचे।

ग्रामीणों के अनुसार प्रस्तावित भूमि के कुछ खसरा नंबरों पर वर्षों से ग्रामीणों के मकान बने हुए हैं, जबकि अन्य भूमि का उपयोग ग्रामीणों और मवेशियों के निस्तार सहित सार्वजनिक कार्यों के लिए किया जाता है। उनका कहना है कि यदि उक्त भूमि का औद्योगिक उपयोग के लिए आवंटन किया गया तो गांव के लोगों के सामने गंभीर समस्याएं खड़ी हो जाएंगी और भविष्य के विकास कार्य भी प्रभावित होंगे।

बारिश के बीच कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर बैठे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि प्रस्तावित भूमि आवंटन तत्काल निरस्त किया जाए तथा कलेक्टर स्वयं ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी आपत्तियों पर निष्पक्ष निर्णय लें। देर तक धरने पर डटे ग्रामीण प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते रहे।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story