कटनी में जर्जर भवन का बारजा भरभराकर गिरा, मलबे में दबने से अधेड़ की मौत
कटनी में लगातार बारिश के बीच जर्जर अग्रवाल बिल्डिंग का बारजा गिर गया। मलबे में दबने से प्रेम लाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

तस्वीर में कटनी में जर्जर इमारत के गिरने के बाद बिखरा मलबा नजर आ रहा है।
कटनी के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर जर्जर भवन का बारजा अचानक भरभराकर गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। मिशन चौक में बजाज एजेंसी के सामने स्थित अग्रवाल बिल्डिंग का बारजा गिरने से उस पर खड़े एक अधेड़ मलबे की चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, सागर पुलिया के पास स्थित अग्रवाल बिल्डिंग में प्रेम लाल पिता लूसन प्रसाद गड़ारी किराए से रहते थे। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण भवन का बारजा कमजोर और जर्जर हो गया था।
शनिवार दोपहर प्रेम लाल बारजे के ऊपर खड़े थे। इसी दौरान अचानक बारजे का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया और प्रेम लाल भी मलबे के साथ नीचे आ गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बारजा गिरने की घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रंगनाथ नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जर्जर अग्रवाल बिल्डिंग का बारजा गिरने से हुई इस घटना ने शनिवार दोपहर क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा कर दी। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)
नाम: कौशल तिवारी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार
परिचय
कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।
