कटनी जिले की पुलिस व्यवस्था के लिए रविवार ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण दिन साबित हुआ, जब जबलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रमोद कुमार वर्मा की मौजूदगी में जिले के 13 पुलिस थानों एवं तीन पुलिस कार्यालयों को आईएसओ प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। एनकेजे थाना परिसर में आयोजित गरिमामय समारोह में संबंधित थाना प्रभारियों को आईएसओ सर्टिफिकेट वितरित किए गए। इस दौरान आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने आईएसओ अवार्ड प्राप्त एनकेजे थाने का फीता काटकर लोकार्पण भी किया।

थाना परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने कहा कि आईएसओ प्रमाणन पुलिस कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनसंतुष्टि को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार होगा तथा आमजन का विश्वास भी मजबूत होगा।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईजी प्रमोद कुमार वर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसया, डीएसपी अजाक शिवा पाठक, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी वीरेन्द्र धारवे तथा डीएसपी रत्नेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा आईजी प्रमोद कुमार वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आईएसओ कंसल्टेंट योगेंद्र द्विवेदी ने आईएसओ प्रमाणन की प्रक्रिया तथा इसके महत्व की विस्तार से जानकारी दी। समारोह में आईएसओ प्रमाणन से संबंधित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जबकि इस अवसर पर स्मारिका का भी विमोचन किया गया।

समारोह से पूर्व आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने स्लीमनाबाद, यातायात, कोतवाली, कुठला, माधवनगर तथा एनकेजे थाना सहित विभिन्न पुलिस थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कटनी जिले में आईएसओ प्रमाणन प्राप्त करने वाले थानों में कोतवाली, कुठला, माधवनगर, एनकेजे, स्लीमनाबाद, बहोरीबंद, उमरियापान, ढीमरखेड़ा, बड़वारा, विजयराघवगढ़, बरही तथा यातायात थाना शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय, एसडीओपी स्लीमनाबाद कार्यालय तथा एसडीओपी विजयराघवगढ़ कार्यालय को भी आईएसओ प्रमाणन प्रदान किया गया।

कटनी पुलिस के लिए यह उपलब्धि पुलिस प्रशासन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और बेहतर जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है, जिससे जिले की पुलिस व्यवस्था को नई पहचान और संस्थागत मजबूती मिलेगी।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story