पुलिस मुख्यालय भोपाल के सेफ क्लिक 2.0 साइबर सुरक्षा अभियान के समापन पर कटनी पुलिस ने भारत सरकार के CEIR PORTAL के माध्यम से 110 गुम मोबाइल फोन खोजकर बड़ी सफलता हासिल की। लगभग 20 लाख रुपये कीमत के बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को लौटाए गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने कटनी पुलिस का धन्यवाद देते हुए साइबर अपराधों से दूर रहने तथा साइबर जागरूकता फैलाने की शपथ ली।

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के मोबाइल किसी न किसी कारण से गुम हो गए थे या कहीं गिर गए थे। ऐसे मामलों में पीड़ित मोबाइल धारकों ने कटनी साइबर सेल तथा भारत सरकार के CEIR PORTAL पर अपने गुम मोबाइल की तलाश के लिए आवेदन किए थे। इन आवेदनों पर पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटनी श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में साइबर सेल कटनी को गुम मोबाइलों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर उनकी तलाश करने के निर्देश दिए गए।

कार्यालय साइबर सेल ने जिला कटनी और अन्य जिलों के संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए कुल 110 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20,00,000 रुपये है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के सेफ क्लिक 2.0 साइबर सुरक्षा अभियान के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा ने विभिन्न आवेदकों को उनके गुम हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर भारत सरकार के CEIR PORTAL पर तत्काल आवेदन कर मोबाइल के आईएमईआई (IMEI) को ब्लॉक कराएं। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से आमजन स्वयं सीधे शिकायत दर्ज कर सकते हैं और अपनी शिकायत की अद्यतन स्थिति भी जान सकते हैं। इससे लोगों के समय की बचत होगी तथा पुलिस और जनता के बीच पारदर्शिता बनी रहेगी।

पुलिस के अनुसार अधिकांश मोबाइल साप्ताहिक बाजारों में लापरवाही से गिरने, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में भूल जाने तथा आवागमन के दौरान जेब से गिरने के कारण गुम हुए थे। पुलिस अधीक्षक कटनी के निर्देशन में साइबर टीम लगातार सर्चिंग कर रही थी, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश के विभिन्न जिलों की साइबर सेल और संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से ये गुम मोबाइल बरामद किए गए। इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल कटनी की टीम और संबंधित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story