कटनी में मकान पर गिरी आसमानी बिजली, पीड़ित परिवार ने मांगी आर्थिक सहायता
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बिलहरी क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया और घर का सारा सामान जलकर राख हो गया

तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति सुनील कुमार केवट हैं, जो कटनी जिले के बिलहरी क्षेत्र में अपने क्षतिग्रस्त मिट्टी के मकान के सामने खड़े हैं।
कटनी जिले के बिलहरी क्षेत्र में बारिश के बीच आसमानी बिजली ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया। बिजली गिरने से एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, घर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया और मकान मालिक को सुनने में भी परेशानी होने लगी। हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है।
मामला घुघरा के बाण सागर गांव का है, जहां निवासी सुनील कुमार केवट अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच अचानक आसमानी बिजली उनके मकान पर गिरी। बिजली गिरने से मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, बिजली बोर्ड, केबल लाइन तथा घर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।
हादसे के बाद सुनील कुमार केवट के बाएं कान से सुनाई नहीं देने की शिकायत सामने आई है। हालांकि परिवार के लोगों ने समय रहते बच्चों को घर से बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की जानकारी के आधार पर पटवारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लेते हुए आवश्यक जांच की। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की जांच पूरी हो चुकी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पीड़ित परिवार को राहत और मुआवजे की राशि कब तक उपलब्ध कराई जाती है।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)
नाम: कौशल तिवारी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार
परिचय
कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।
