कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में सक्रिय अंतरराज्यीय उड़ाईगिरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन राज्यों के 15 से अधिक जिलों में बैंक, एटीएम और भीड़भाड़ वाले बाजारों के बाहर लोगों को निशाना बनाकर नकदी से भरे बैग और वाहनों की डिग्गी से रुपए चोरी करने वाले इस गिरोह के दो शातिर मास्टरमाइंड आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई है।

पूरे मामले की शुरुआत 19 मई 2026 को हुई थी, जब अमरपाटन सहकारी बैंक से 50 हजार रुपए निकालकर जा रहे एक व्यक्ति की स्कूटी की डिग्गी से नकदी चोरी कर ली गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह बेहद सुनियोजित और पेशेवर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह का एक सदस्य बैंक के भीतर ग्राहकों की गतिविधियों पर नजर रखता था। जैसे ही कोई व्यक्ति बड़ी राशि निकालता, दूसरा सदस्य उसका पीछा करता और मौका मिलते ही वाहन की डिग्गी तोड़कर नकदी लेकर फरार हो जाता था। यदि कोई व्यक्ति नकदी अपने पास रखता था, तो गिरोह के सदस्य उसका ध्यान भटकाकर या झपटमारी कर रकम लेकर भाग निकलते थे।

पुलिस ने अनूपपुर निवासी सुमित सिसोदिया और संजय सिसोदिया को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई जिलों में वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने कटनी, सतना, नरसिंहपुर, डिंडोरी, पन्ना, रीवा, जबलपुर, उमरिया, शहडोल, खंडवा, छिंदवाड़ा, मंडला, जशपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और ओडिशा के संबलपुर सहित कई जिलों में 40 लाख रुपए से अधिक की चोरी और उड़ाईगिरी की वारदातों को अंजाम दिया।

कटनी पुलिस अब आरोपियों से बरामद रकम, गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों में इस्तेमाल किए गए नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जिन जिलों में आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज हैं, वहां की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कटनी पुलिस ने इस जटिल और चुनौतीपूर्ण मामले का खुलासा कर अंतरराज्यीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस पूरी कार्रवाई में संयुक्त पुलिस टीम, तकनीकी टीम और संबंधित थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह सफलता न केवल कटनी पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, बल्कि तीन राज्यों में सक्रिय संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के रूप में भी देखी जा रही है।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story