कटनी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में सक्रिय एक बड़े अंतराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए ₹10.30 लाख से अधिक मूल्य के सोने के जेवरात और नकदी बरामद की है।

इस कार्रवाई की जानकारी गुरुवार को कटनी जीआरपी थाने में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक (रेल) जबलपुर, सुंदर सिंह कनेश ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत रेलवे पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है।

गिरफ्तार आरोपियों में शरद उर्फ गोलू झारिया, अमित सिंह खगार, सौरभ कुल्हाड़ा, राहुल ठाकुर और हर्ष खगार शामिल हैं। एसपी रेल सुंदर सिंह कनेश ने बताया कि आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने कटनी रेल पुलिस थाने में दर्ज तीन अलग-अलग बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का हार, तीन सोने के मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की बाली तथा नकदी बरामद की है। बरामद सोने के जेवरातों की कुल कीमत ₹10,30,848 आंकी गई है।

यह पूरा मशरूका जीआरपी थाना कटनी में दर्ज अपराध क्रमांक 704/2026, अपराध क्रमांक 649/2026 और अपराध क्रमांक 679/2026 के तहत बरामद किया गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के तार काफी गहरे हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से दो मुख्य आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। दोनों आरोपी थाना कटनी के रिकॉर्ड में पहले से ही निगरानी बदमाश के रूप में दर्ज हैं और जमानत पर बाहर आने के बाद लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

रेल पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली है। सभी आरोपियों को कटनी न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। इस कार्रवाई से ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में सक्रिय चोरी के नेटवर्क पर रेलवे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतराज्यीय गिरोह की गतिविधियों पर प्रभावी प्रहार किया है।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story