कटनी जिला अस्पताल में बुधवार दोपहर 14 वर्षीय किशोरी स्नेहा शुक्ला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, एनकेजे थाना क्षेत्र की जागृति कॉलोनी निवासी आदित्य कुमार शुक्ला की बेटी स्नेहा शुक्ला को बुधवार सुबह पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने तक स्नेहा की हालत सामान्य थी और वह पैदल चलकर डॉक्टर के पास गई थी।

परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने स्नेहा को भर्ती कर उसका इलाज शुरू किया और एक इंजेक्शन लगाया। आरोप है कि इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पिता आदित्य शुक्ला ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी केवल पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल आई थी। उन्होंने आशंका जताई कि गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण उसकी मौत हुई। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल परिसर में टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले ने जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और परिजन पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story