कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा के देवरी-मझगवां गांव में जर्जर सड़क को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण कैमोर-कटनी मुख्य मार्ग के गड्ढों में खड़े हो गए और भैंस के सामने बीन बजाकर लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा स्थानीय प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

स्थानीय निवासी ब्रह्ममुहूर्त तिवारी के अनुसार, कैमोर-कटनी मुख्य मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। इससे पहले भी ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल हालत के विरोध में गड्ढों पर बेशर्म के फूल लगाकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रशासन ने गड्ढों में कच्चा मटेरियल, गिट्टी और मिट्टी डलवाकर मरम्मत कराई थी, लेकिन मानसून की पहली ही बारिश में यह पूरा काम बह गया।

ग्रामीणों का कहना है कि कटनी और कैमोर के बीच आवाजाही के लिए यह मुख्य मार्ग है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण रोजाना दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। वहीं, इस खस्ताहाल मार्ग से गुजरने में बुजुर्गों, मरीजों और स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने शासन और लोक निर्माण विभाग से अस्थायी मरम्मत की बजाय सड़क का स्थायी समाधान करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मार्ग पर पक्के डामरीकरण या कंक्रीट सड़क का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक सड़क का स्थायी सुधार नहीं किया जाएगा, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। साथ ही, यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

मामले में लोक निर्माण विभाग के क्षेत्रीय एसडीओ शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए सड़क पर जमा पानी की निकासी करा दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस मार्ग पर पक्की सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़क की खराब स्थिति और लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन के इस आश्वासन के अमल पर टिकी हुई हैं।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story