कटनी: साइबर ठगी मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार
एसबीआई खाते से 1.88 लाख रुपये ट्रांसफर होने की शिकायत पर कुठला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग समेत दो अन्य को पकड़ा।

कटनी में पुलिस अधिकारियों के साथ खड़ा एक आरोपी सरकारी इमारत के बाहर दिखाई दे रहा है।
कटनी के कुठला थाना पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस अब तक कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, कछंगवा निवासी अंकित राय के एसबीआई खाते से यूपीआई के जरिए दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 1 लाख 88 हजार रुपये उनकी जानकारी के बिना दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए थे।
शिकायत मिलने के बाद कुठला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 425/26 के तहत मामला दर्ज किया और तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने राजस्थान निवासी कुलदीप सिंह और शुभम मीणा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 17 वर्षीय विधि-विरुद्ध किशोर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल और ब्लैंक चेक जब्त किया गया। किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह जबलपुर भेज दिया गया।
वहीं, पुलिस ने रतलाम निवासी विशाल प्रजापति को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी के इस अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के संबंध में जांच जारी है। मामले में आरोपियों की भूमिका और ठगी की रकम से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, आरक्षक पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, विवेक शुक्ला, साइबर सेल कटनी सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)
नाम: कौशल तिवारी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार
परिचय
कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।
