कटनी जिले में प्रशासन का संवेदनशील और प्रेरणादायक स्वरूप उस समय सामने आया, जब कलेक्टर आशीष तिवारी ने सड़क किनारे स्कूली बच्चों के बीच रुककर उनसे पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली। बच्चों से पहाड़ा और एबीसीडी सुनने के बाद उन्होंने उनका उत्साह बढ़ाया, पेन और कॉपी उपहार में दिए तथा एक मासूम बच्चे का स्कूल में नाम लिखवाने के लिए भी प्रेरित किया।

दरअसल, कलेक्टर आशीष तिवारी स्लीमनाबाद क्षेत्र के ग्राम निमास स्थित मार्बल खदान का निरीक्षण कर लौट रहे थे। इसी दौरान छोटे कछारगांव के पास स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चों को देखकर उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और बच्चों से बातचीत शुरू की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, स्कूल और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

बातचीत के दौरान सातवीं कक्षा की छात्रा महिमा ठाकुर ने दो और चार का पहाड़ा सुनाया, जबकि दूसरी कक्षा के छात्र प्रिंस ठाकुर ने पूरी एबीसीडी सुनाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों के आत्मविश्वास से प्रभावित होकर कलेक्टर ने उन्हें पेन और कॉपी उपहार स्वरूप भेंट की तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसके बाद कलेक्टर ने सातवीं कक्षा की छात्रा रागिनी ठाकुर से उसके छोटे भाई शिवराज का स्कूल में नाम लिखवाने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि स्कूल में प्रवेश लेने पर शिवराज को निःशुल्क ड्रेस, पाठ्यपुस्तकें, मध्यान्ह भोजन सहित शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उसका भविष्य बेहतर बन सकेगा।

इस दौरान नन्हे शिवराज की मासूम बातों ने मौके पर मौजूद सभी अधिकारियों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। वहीं महिमा ठाकुर ने गणित के सवालों का भी आत्मविश्वास के साथ सही जवाब देकर कलेक्टर आशीष तिवारी को प्रभावित किया। कलेक्टर ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देती है और प्रत्येक बच्चे को नियमित रूप से स्कूल जाना चाहिए।

इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस श्लोक वाईकर, एसडीएम बहोरीबंद प्रदीप मिश्रा, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित और महाप्रबंधक उद्योग ज्योति सिंह भी मौजूद रहे। सड़क किनारे लगी यह अनोखी 'कलेक्टर की पाठशाला' बच्चों के लिए यादगार पल बन गई और शिक्षा के प्रति जागरूकता का प्रेरक संदेश भी दे गई।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)

नाम: कौशल तिवारी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार

परिचय 

कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।

Next Story