कटनी के बरही में व्यापारी प्रमोद लखेरा के घर दिनदहाड़े लाखों की चोरी, नकदी और जेवर लेकर फरार बदमाश
कटनी के बरही में व्यापारी प्रमोद लखेरा के सूने घर में दिनदहाड़े लाखों की चोरी हुई। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, आरोपी अब भी फरार हैं।

तस्वीर में कटनी के बरही स्थित मकान के कमरे में जांच के दौरान पुलिसकर्मी और डॉग स्क्वॉड की टीम बैठी दिखाई दे रही है, जबकि पास में ही पुलिस वाहन खड़ा है।
कटनी जिले के बरही नगर में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। खितौली मार्ग स्थित व्यापारी प्रमोद लखेरा के सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाश घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और नकदी सहित सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को प्रमोद लखेरा किसी कार्य से खितौली गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी बरही स्थित दुकान पर थीं। इसी दौरान सुबह करीब 11:30 बजे से शाम 5 बजे के बीच चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर के पीछे के दरवाजे का कुंदा काटकर प्रवेश किया और अलमारी तथा पेटी के ताले तोड़ दिए।
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर 80 हजार रुपये नकद, लगभग 10 से 15 तोला सोने के आभूषण, जिनमें तीन हार, चूड़ियां, कंगन सहित अन्य जेवर शामिल हैं, तथा करीब 5 से 6 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। शाम करीब 5 बजे जब प्रमोद लखेरा की पत्नी घर पहुंचीं तो पीछे का दरवाजा खुला मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद तत्काल बरही पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर के व्यापारी बड़ी संख्या में बरही थाना पहुंचे। व्यापारियों ने पुलिस से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग करते हुए कहा कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के अगले दिन कटनी से डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ अन्य तकनीकी पहलुओं पर भी काम कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
