कटनी: पुरानी रंजिश में बाइक सवार को कार से कुचला, चंद घंटों में गिरफ्तार हुआ आरोपी
कटनी में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद बाइक सवार बुजुर्ग को कार से कुचलने का प्रयास। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

कटनी के एन.के.जे. थाना परिसर में मौजूद पुलिस अधिकारी और आरोपी।
कटनी जिले के एन.के.जे. थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रिपोर्ट दर्ज कराने से बौखलाए एक आरोपी ने बाइक सवार बुजुर्ग और उनके पुत्रों को कार से कुचलने की कोशिश की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार, देवरा खुर्द निवासी 65 वर्षीय बिहारी लाल सोनी ने 2 जुलाई को विनोद तिवारी उर्फ गुलानी महाराज के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले की रिपोर्ट दर्ज कराकर बिहारी लाल सोनी अपने पुत्र संजय सोनी और सतेंद्र सोनी के साथ वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान जुहली मोड़ नहर पुलिया के समीप आरोपी विनोद तिवारी ने अपनी कार से उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने से आक्रोशित आरोपी ने पहले उन्हें जान से मारने की धमकी दी और फिर पीछे से उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक के सड़क पर गिरने के बाद आरोपी ने बिहारी लाल सोनी को कार से कई बार कुचलने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर एन.के.जे. थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम और साइबर सेल कटनी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी 47 वर्षीय विनोद तिवारी उर्फ गुलानी महाराज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार एमपी-21-जेडजे-7617 को भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Koushal Tiwari, Katni (Madhya Pradesh)
नाम: कौशल तिवारी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: कटनी (मध्य प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार
परिचय
कौशल तिवारी मध्य प्रदेश के कटनी क्षेत्र के स्थानीय रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से कटनी जिले और उसके आस-पास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय समाचारों, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों की नियमित कवरेज करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
कौशल तिवारी को डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अनुभव है। वह इससे पूर्व 'पब्लिक ऐप न्यूज़' (Public App News) के साथ जुड़कर क्षेत्रीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुके हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) तक पूरी की है।
