आठनेर में कांग्रेस का जनजागरण अभियान, निलय डागा ने भाजपा सरकार पर बोला हमला
बैतूल के आठनेर के हिडली मंडल में कांग्रेस के जनजागरण अभियान के दौरान निलय डागा ने भाजपा सरकार पर राम मंदिर चंदा घोटाला, नीट पेपर लीक, महंगाई और किसानों के मुद्दे पर हमला बोला।

तस्वीर में बैतूल के आठनेर क्षेत्र में कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा जनसभा को संबोधित करते नजर आ रहे हैं, जबकि मंच पर कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद हैं।
बैतूल। नगर निकाय, पंचायत राज और विधानसभा चुनाव की नजदीकियां बढ़ने के साथ कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ लगातार आक्रामक होती नजर आ रही है। कांग्रेस हर मोर्चे पर भाजपा सरकार को घेरने के लिए राम मंदिर चंदा घोटाला, नीट पेपर लीक, महंगाई और किसानों के मुद्दों को लेकर बैतूल जिलेभर में जनजागरण अभियान चला रही है। 25 वर्षों से सत्ता से दूर कांग्रेस शहर से लेकर गांव तक मजबूत कार्यकर्ता और टीम खड़ी करने में जुटी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा पूरे जिले में प्रत्येक ब्लॉक में आंदोलन कर ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ कांग्रेस के लिए समर्थन मांग रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को आठनेर विकासखंड क्षेत्र के हिडली मंडल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा ने जनजागरण अभियान चलाया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों की जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद किया और जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
निलय डागा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। उन्होंने राम मंदिर चंदा घोटाला, नीट पेपर लीक, महंगाई, गिरती शिक्षा और लड़खड़ाती स्वास्थ्य सेवाओं को इसका सबसे बड़ा उदाहरण बताया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस किसानों का कर्ज माफ कर रही थी, लेकिन खरीद-फरोख्त कर सरकार गिराकर आज किसानों को लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हजारों किसान डिफाल्टर होकर अपने आप को कोस रहे हैं। किसान खाद के लिए लाइन में खड़ा है और अपनी उपज के दाम के लिए आंदोलन कर रहा है।
जनसभा में निलय डागा ने ग्रामीणों से पुनः कांग्रेस की सरकार की आवश्यकता बताते हुए आह्वान किया कि वे मजबूत हों और आने वाले चुनावों में भाजपा को सबक सिखाएं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वोट मांगने आने वाले भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता से हिसाब मांगे।
निलय डागा ने कहा, “मैं निलय डागा आपके साथ खड़ा हूं और खड़ा रहूंगा।” हिडली मंडल में आयोजित जनजागरण अभियान के दौरान किसानों और ग्रामीणों से संवाद के जरिए कांग्रेस ने स्थानीय जनसमस्याओं को उठाते हुए भाजपा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने का प्रयास किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
