आमला नगर पालिका में चौथे दिन भी जलप्रदाय नहीं होने पर महिलाओं का मटका फोड़ प्रदर्शन, भेदभाव के लगाए आरोप
बैतूल के आमला में वार्ड 18 की महिलाओं ने चौथे दिन भी जलप्रदाय नहीं होने पर नगरपालिका में मटका फोड़कर प्रदर्शन किया। प्रशासन ने जांच और सुधार का आश्वासन दिया।

तस्वीर में दिख रही महिलाएं एक दुकान के सामने खड़ी होकर हवा में हाथ उठाकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन कर रही हैं, जिनमें से एक महिला के हाथ में मिट्टी का मटका है।
बैतूल के आमला नगरपालिका क्षेत्र के बोड़खी स्थित वार्ड क्रमांक 18 के सिंधी पंजाबी मोहल्ला में लगातार चौथे दिन भी जलप्रदाय नहीं होने से नाराज महिलाओं ने शनिवार को नगरपालिका पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। शासकीय कॉलेज की जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मुक्त ढोलेकर के नेतृत्व में महिलाओं ने नगरपालिका परिसर में मटका फोड़ा और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में एल्डरमैन आरती पाटिल भी शामिल रहीं।
मुक्त ढोलेकर ने आरोप लगाया कि वार्ड 18 के सिंधी मोहल्ले में कांग्रेस शासित नगरपालिका जलप्रदाय वितरण में भेदभाव कर रही है। उनका कहना है कि नलों में पर्याप्त प्रेशर से पानी नहीं आ रहा है और दो दिन के अंतराल के बाद भी पर्याप्त मात्रा में जलप्रदाय नहीं किया जा रहा। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) नगरपालिका कार्यालय से बाहर चले गए।
प्रदर्शन में शामिल मनीषा छतवानि, अर्पणा घोष, भाविका सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि मोहल्ले के 22 घरों में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। महिलाएं अपने साथ पानी का सैंपल भी लेकर पहुंचीं और बताया कि नलों से आने वाला पानी पूरी तरह साफ नहीं है। उनका आरोप है कि वार्डवासी मटमैला पानी पीने को मजबूर हैं। महिलाओं ने मांग की कि मोहल्ले में एक दिन के अंतराल पर कम से कम एक घंटे तक पर्याप्त प्रेशर के साथ जलप्रदाय किया जाए।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। उनका कहना था कि जनसुनवाई में तहसीलदार से शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके कारण उन्हें नगरपालिका पहुंचकर प्रदर्शन करना पड़ा।
जल आवर्धन योजना के इंजीनियर अंकुश खंडाग्रे ने बताया कि महिलाओं की शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि नलों में पर्याप्त प्रेशर से पानी क्यों नहीं पहुंच रहा है, इसकी जांच कर आवश्यक सुधार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बैराज में पर्याप्त पानी आने के बाद एक दिन के अंतराल पर जलप्रदाय संभव हो सकेगा।
नगरपालिका के उपयंत्री योगेश आनेराव ने कहा, "महिलाओं की शिकायत पर मैंने साइड विजिट किया है। वालमेन को टाइम टेबल के अनुसार जलप्रदाय करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान नलों में पर्याप्त प्रेशर मिला है। जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ने पर एक दिन के अंतराल में जलप्रदाय किया जाएगा।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
