छबड़ा के बालिका आदर्श विद्या मंदिर में प्रेरक सत्र, मानगे पटेल ने बताए सफलता के सूत्र
छबड़ा के बालिका आदर्श विद्या मंदिर में प्रेरक सत्र आयोजित हुआ, जिसमें मानगे पटेल ने बालिकाओं को लक्ष्य, संस्कार, योग और तकनीक का संदेश दिया।

तस्वीर में छबड़ा के मदन लाल भवानी शंकर गुप्त बालिका आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित प्रेरक सत्र के दौरान मंच से संबोधन देते हुए अतिथि और बैठी हुई छात्राएं नजर आ रही हैं।
जिले के छबड़ा स्थित मदन लाल भवानी शंकर गुप्त बालिका आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित प्रेरक सत्र में विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के सचिव मानगे पटेल का प्रेरक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सत्र में उन्होंने आदर्श बालिका के कार्य, व्यवहार, जीवन-मूल्यों और विद्यार्थी जीवन में लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत एवं परिचय विद्यालय की प्रधानाचार्य मनोरमा शर्मा एवं लक्ष्मी वर्मा ने कराया।
प्रेरक सत्र को संबोधित करते हुए मानगे पटेल ने कहा कि बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई, भगिनी निवेदिता, अहिल्याबाई होल्कर एवं मातृशक्ति के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन लक्ष्य निर्धारित करने की अवस्था है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपना स्पष्ट लक्ष्य तय कर नियमित एवं निरंतर परिश्रम करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से सुव्यवस्थित दिनचर्या अपनाने, योग एवं प्राणायाम को जीवन का हिस्सा बनाने तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को सीखने और उनका सदुपयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्या भारती बाराँ के जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा एवं प्रधानाचार्य अमृतलाल मीणा सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। सत्र का समापन आभार प्रदर्शन एवं शांति मंत्र के साथ हुआ।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
