कोटा में यंगथॉन 3.0 के लिए 4500 से अधिक पंजीकरण, सरकारी स्कूलों को मिलेंगे शैक्षणिक संसाधन
कोटा में 25 अक्टूबर को होने वाली यंगथॉन 3.0 के लिए 4500 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। ‘रन फॉर एजुकेशन’ थीम पर होने वाली इस दौड़ में सीबीएसई स्कूल एसोसिएशन की भागीदारी और सरकारी स्कूलों के लिए संसाधन जुटाने पर जोर रहेगा।

कोटा के जिला कलक्टर पीयूष सामरिया और यंग इंडियंस कोटा चैप्टर के सदस्यों ने सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए आयोजित 'यंगथॉन 3.0' के पोस्टर का विमोचन किया।
कोटा में सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली यंगथॉन 3.0 को लेकर हाड़ौती संभाग में उत्साह है। 25 अक्टूबर को होने वाली इस दौड़ के लिए अब तक 4500 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘रन फॉर एजुकेशन’ रखी गई है। दौड़ के माध्यम से चयनित राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।
जिला कलक्टर पीयूष सामरिया ने यंगथॉन के पोस्टर का विमोचन किया और इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए जनभागीदारी से किए जाने वाले ऐसे प्रयास सरकारी विद्यालयों में संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान करने में सहायक होंगे।
यंग इंडियंस कोटा चैप्टर के चेयर अंकित राठी और को-चेयर अंकित गुप्ता ने बताया कि यंग इंडियंस कोटा चैप्टर एवं रियल टेंपल्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में 25 अक्टूबर को यंगथॉन 3.0 का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष ‘रन फॉर एजुकेशन’ की थीम के तहत होने वाली दौड़ से चयनित राजकीय विद्यालयों में फर्नीचर, आरओ वाटर प्यूरीफायर, नोटबुक सहित विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।
अतिवीर जैन ने बताया कि यंगथॉन के पंजीकरण अभियान में सीबीएसई स्कूल एसोसिएशन और सहोदया कॉम्प्लेक्स एसोसिएशन का विशेष सहयोग मिला है। एसोसिएशन की ओर से करीब 2000 पंजीकरण करवाए गए हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप गौड़ ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए इस तरह की पहल में भागीदारी शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है।
यंगथॉन 3.0 में पांच किलोमीटर की फन रन एवं वॉक और 10 किलोमीटर की टाइम्ड रन आयोजित की जाएगी। इसमें 18 से 100 वर्ष तक के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। दौड़ 25 अक्टूबर को सुबह छह बजे कोटा के नयापुरा स्थित श्री उम्मेद क्लब से शुरू होगी। आयोजन का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार करने और विद्यार्थियों को उनकी जरूरत के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराने में सहयोग देना है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
