तलवण्डी सेक्टर 2 व 3 में विधायक कोष से निर्मित 65 लाख रुपये की लागत के योग भवन का मंगलवार को लोकार्पण किया गया। विधायक संदीप शर्मा ने लोकार्पण समारोह में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ मन का सम्मिलन है। उन्होंने कहा कि योग भारत की दुनिया को सबसे बड़ी सौगात है और भारत की पहचान केवल अपनी प्राचीन सभ्यता से नहीं, बल्कि योग जैसी अमूल्य धरोहर से भी है।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि हजारों वर्षों पूर्व हमारे ऋषि-मुनियों ने योग के माध्यम से मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित और आनंदमय बनाने का मार्ग दिखाया था। आधुनिक युग में भागदौड़ भरे जीवन और तनावपूर्ण जीवनशैली के कारण योग की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। इसी वजह से आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है।

इस अवसर पर नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी ने कहा कि योग जीवन को निरोगी, संयमित और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह योगभवन आरोग्य के साथ ही स्थानीय नागरिकों को जोड़ने का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इससे स्वास्थ्य के साथ-साथ सकारात्मक सोच और सामाजिक समरसता का भी विस्तार होगा।

लोकार्पण समारोह को गोपालराम मण्डा, भानु प्रताप गौड़, नन्दकंवर हाड़ा, संजीव विजय, योगेश अहलुवालिया, श्री सांवलिया सेठ पावन धाम के अध्यक्ष कैलाश मंगल, महामंत्री श्रीचन्द गुप्ता और पूर्व पार्षद जितेन्द्र सोनी ने भी संबोधित किया। 65 लाख रुपये की लागत से तैयार यह योग भवन अब तलवण्डी क्षेत्र में योग और स्वास्थ्य गतिविधियों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उपयोग किया जाएगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story