राजस्थान और हरियाणा के बीच हुए ऐतिहासिक यमुना जल समझौते के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर आगमन पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ जयपुर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान माहुर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राजस्थान-हरियाणा के बीच हुए एमओए पर प्रसन्नता जताई और इसे ऐतिहासिक क्षण बताया।

छगन माहुर ने कहा कि इस समझौते के तहत मानसून के दौरान हथिनीकुंड से राजस्थान को यमुना का पानी मिलेगा। 295 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से शेखावाटी क्षेत्र के झुंझुनू, सीकर और चूरू जिलों तक पानी पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 1994 में इस परियोजना का ढांचा तैयार किया गया था, लेकिन कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में इस दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से यह समझौता संभव हुआ है, जिससे पेयजल संकट कम होगा और भूजल स्तर में सुधार आएगा।

माहुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा में एक बूंद पानी नहीं देने का वादा किया था और शेखावाटी के कांग्रेस नेता भी इस मुद्दे पर मौन रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संवाद के माध्यम से इस लंबे समय से लंबित विषय का समाधान निकालकर ऐतिहासिक पहल की है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कटाक्ष करते हुए छगन माहुर ने कहा कि गहलोत तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन यमुना जल समझौते को लेकर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत ने इस मुद्दे पर प्रदेशवासियों को गुमराह किया। माहुर ने कहा कि गहलोत पहले दावा करते थे कि राजस्थान को हरियाणा से कभी यमुना का पानी नहीं मिल सकता। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि ऐसा हो गया तो वे स्वयं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का फूलों की माला पहनाकर स्वागत करेंगे। अब जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हरियाणा और राजस्थान के बीच एमओए पर हस्ताक्षर हो चुके हैं, इसलिए अशोक गहलोत को अपना वादा निभाना चाहिए।

छगन माहुर ने यह भी आरोप लगाया कि अशोक गहलोत अपने कार्यकाल के दौरान दिल्ली अपनी कुर्सी बचाने जाते थे, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान के हितों के लिए केंद्र सरकार से योजनाएं और सौगातें लेकर आते हैं। उन्होंने कहा कि यमुना जल समझौता प्रदेश के जल संकट के समाधान की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जिससे विशेष रूप से शेखावाटी क्षेत्र के लाखों लोगों को भविष्य में राहत मिलने की उम्मीद है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story