कोटा में आगामी 9 अगस्त को आयोजित होने वाले वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए लघु उद्योग भारती कोटा ने इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पुरुषार्थ भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित एवं व्यापक जनसहभागिता वाला बनाने के उद्देश्य से तैयारियों की समीक्षा की गई और विभिन्न दायित्वों का वितरण किया गया।

कोटा इकाई के अध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय कर सलाहकार एवं लघु उद्योग भारती के गोविंदराम मित्तल, पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ताराचंद गोयल, प्रांतीय उपाध्यक्ष यशपाल भाटिया, प्रदेश उपाध्यक्ष अचल पोद्दार, पूर्व अध्यक्ष मनोज राठी, कोटा अध्यक्ष अंकुर गुप्ता, सचिव संदीप जांगिड़, कोषाध्यक्ष संदीप बाकलीवाल, कपिल बाहेती, आशुतोष जैन, नरेंद्र हेड़ा, देवेंद्र कुमार सक्सेना सहित संघ परिवार के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गोविंदराम मित्तल ने कहा कि 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन होना गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि इस वैश्विक सम्मेलन का उद्देश्य विश्वभर के हिंदू समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षिक एवं वैचारिक स्तर पर एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में कोटा में आयोजित जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को इस आयोजन के उद्देश्य, स्वरूप और महत्त्व से अवगत कराया जाएगा।

पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ताराचंद गोयल ने बताया कि बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रचार-प्रसार, आमंत्रण, व्यवस्थाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।

कार्यक्रम के संयोजक यशपाल भाटिया एवं सहसंयोजक अचल पोद्दार ने बताया कि 9 अगस्त (रविवार) को दोपहर 3 बजे इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पुरुषार्थ भवन में आयोजित वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महामंत्री श्रद्धेय स्वामी विज्ञानानंद जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे मुंबई में आयोजित होने वाली वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस की अवधारणा, उद्देश्य एवं स्वरूप पर विस्तृत मार्गदर्शन देंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज के अधिकाधिक लोगों को वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस से जोड़ने और उसकी सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story