कोटा। सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक उल्लास का संगम बनकर उभरा राउंड टेबल इंडिया का बहुप्रतीक्षित आयोजन ‘विंटर वंडरलैंड–2025’ सोमवार को सिटी पार्क, कोटा में भव्य रूप से आरंभ हुआ। उद्घाटन का यह विशेष क्षण सरकारी विद्यालय के बच्चों के नाम रहा, जब नन्हे बच्चों ने रिबन काटकर महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की। दो दिवसीय यह आयोजन 22 और 23 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक विकास के संदेश को केंद्र में रखा गया है।

उद्घाटन समारोह में राउंड टेबल इंडिया के एरिया सेक्रेटरी किंशुक जैन, चेयरमैन रोहिताब सोनी, सचिव निखिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शुभदीप शर्मा, उपाध्यक्ष मुकुल जैन सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक ओरिलाइट लाइफ स्पेसेस हैं, जबकि भाटिया एंड कंपनी एवं विश्वास फाउंडेशन सह–प्रायोजक के रूप में आयोजन को सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

चेयरमैन रोहिताब सोनी ने बताया कि विंटर वंडरलैंड–2025 से होने वाली संपूर्ण आय का उपयोग महावीर नगर गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नए कक्षा-कक्षों और टॉयलेट ब्लॉक के निर्माण में किया जाएगा। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक ठोस पहल भी है। सचिव निखिल अग्रवाल और कोषाध्यक्ष शुभदीप शर्मा ने जानकारी दी कि इस वर्ष महोत्सव को सभी आयु वर्गों के लिए विशेष रूप से आकर्षक बनाया गया है।

देश के विभिन्न हिस्सों से 18 से अधिक नामी कलाकार इस आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं। कार्यक्रम में मैजिशियन, बबल आर्टिस्ट, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित ‘बुल ऑफ आर्टिस्ट’, बैंड परफॉर्मेंस, बैले डांसर्स, रूसी कलाकारों की भव्य परेड और बच्चों के लिए सांता क्लॉज़ जैसे विशेष आकर्षण शामिल हैं। इसके साथ ही रंगीन क्रिसमस मार्केट, खेलकूद गतिविधियाँ और लाइव प्रस्तुतियाँ सिटी पार्क को उत्सव के रंगों से सराबोर कर रही हैं।

राउंड टेबल इंडिया की आयोजन टीम के मुकुल, अंकित, जसकरण, राघव, शौर्य, सिद्धार्थ, अनंत, राहुल, अंशुल, प्रांशुल और निखिल ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। विंटर वंडरलैंड–2025 न केवल कोटा के सांस्कृतिक परिदृश्य को समृद्ध कर रहा है, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में स्थायी बदलाव की दिशा में एक सशक्त संदेश भी दे रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story