कोटा। क्रिसमस के उल्लास और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम एक बार फिर कोटा में साकार होने जा रहा है। राउंड टेबल इंडिया द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित सामाजिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘विंटर वंडरलैंड 2025’ का भव्य पोस्टर रविवार को औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया। यह दो दिवसीय आयोजन 22 और 23 दिसंबर को सिटी पार्क, कोटा में आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य मनोरंजन के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में ठोस सामाजिक योगदान देना है।

पोस्टर विमोचन समारोह में राउंड टेबल इंडिया के पदाधिकारियों और गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रेम भाटिया, विवेक राजवंशी, एरिया चेयरमैन धर्मवीर पाण्डेय, एरिया सेक्रेटरी किंशुक जैन, चेयरमैन रोहिताब सोनी, सचिव निखिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शुभदीप शर्मा, उपाध्यक्ष मुकुल जैन सहित संगठन के अनेक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक के रूप में ओरिलाइट लाइफ स्पेसेस का सहयोग रहेगा।

समारोह को संबोधित करते हुए राउंड टेबल इंडिया के चेयरमैन रोहिताब सोनी ने घोषणा की कि विंटर वंडरलैंड 2025 से प्राप्त होने वाली संपूर्ण आय का उपयोग महावीर नगर गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नए कक्षा-कक्षों और टॉयलेट रूम के निर्माण में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राउंड टेबल इंडिया शिक्षा के माध्यम से समाज में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। यह आयोजन न केवल उत्सव का प्रतीक होगा, बल्कि वंचित बालिकाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए सचिव निखिल अग्रवाल और कोषाध्यक्ष शुभदीप शर्मा ने बताया कि इस वर्ष विंटर वंडरलैंड को विशेष रूप से परिवार-केंद्रित बनाया गया है, जिसमें बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग आकर्षक गतिविधियाँ होंगी। देश के विभिन्न हिस्सों से 18 से अधिक प्रसिद्ध कलाकार कोटा पहुंचेंगे, जो बच्चों के मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों का हिस्सा बनेंगे। आयोजन में मैजिशियन, बबल आर्टिस्ट, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित ‘बुल ऑफ आर्टिस्ट’, बैंड परफॉर्मेंस, बैले डांसर्स, रूसी कलाकारों की रंगीन परेड और बच्चों के लिए विशेष सांता क्लॉज़ आकर्षण रहेंगे। इसके साथ ही क्रिसमस मार्केट, खेल-कूद गतिविधियाँ और लाइव प्रस्तुतियाँ माहौल को उत्सवमय बनाएंगी।

पोस्टर विमोचन अवसर पर ओरिलाइट लाइफ स्पेसेस के प्रांजल अग्रवाल ने शिक्षा से जुड़े इस सामाजिक प्रयास को राष्ट्र निर्माण की दिशा में पुण्य कार्य बताया। प्रेम भाटिया ने आयोजन की सराहना करते हुए टीम को शुभकामनाएं दीं, जबकि विवेक राजवंशी ने युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी को “बदलते भारत की सकारात्मक तस्वीर” करार दिया। डॉ. सौरभ शर्मा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयास समाज के समग्र विकास में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। ओरिलाइट लाइफ स्पेसेस से ध्रुवी तथा सूर्या होटल्स से अन्वेषा और सूर्या ने भी आयोजन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

इस अवसर पर राउंड टेबल इंडिया की आयोजन टीम के सदस्य मुकुल, अंकित, जसकरण, राघव, शौर्य, सिद्धार्थ, अनंत, राहुल, अंशुल, प्रांशुल और निखिल की सक्रिय भूमिका को भी रेखांकित किया गया। विंटर वंडरलैंड 2025 न केवल कोटा के सांस्कृतिक कैलेंडर का प्रमुख आयोजन बनने जा रहा है, बल्कि यह यह संदेश भी देगा कि उत्सव और समाजसेवा जब एक साथ चलते हैं, तो उनका प्रभाव दूरगामी और परिवर्तनकारी होता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story