कोटा, 24 जुलाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्णकालिक प्रचारक और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय संगठक विवेक दाढ़कर एक दिवसीय कोटा प्रवास के बाद दिल्ली रवाना हो गए। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने शहर में आमजन, कोचिंग छात्रों और अभिभावकों से मुलाकात की तथा विभिन्न स्थलों का भ्रमण किया।

हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में अखिल भारतीय स्तर पर वी सतीश, विवेक दाढ़कर, प्रशांत अरोड़ा सहित चार संगठक (नेशनल ऑर्गनाइजर) बनाए गए हैं। वहीं नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को पांचवां संगठक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) मुख्यालय दिल्ली बनाया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के ये संगठक पार्टी के सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर आम मतदाताओं, समर्पित कार्यकर्ताओं, थड़ी गुमटी लगाने वाले, श्रमिक, किसान, नौकरीपेशा, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, बस-टेंपो के यात्रियों और मंदिर आने वाले भक्तों से संवाद कर भाजपा के प्रति उनकी राय जानने का काम देखते हैं। इसके आधार पर संगठन को मजबूत करने और नीति निर्माण से जुड़े कार्य किए जाते हैं।

सच्चिदानंद पारीक ने बताया कि विवेक दाढ़कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्णकालिक प्रचारक और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय संगठक हैं। वह पार्टी संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों और प्रदेशों में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए संगठन महामंत्री और राष्ट्रीय संगठक के रूप में कार्य किया है।

विवेक दाढ़कर को एक कुशल, सक्रिय और जमीन से जुड़े हुए संगठनकर्ता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने 23 जुलाई को जोधपुर से सड़क मार्ग से प्रातः कोटा सर्किट हाउस पहुंचकर दिनभर शहर में प्रवास किया।

कोटा प्रवास के दौरान विवेक दाढ़कर ने जनता, कोचिंग छात्रों, अभिभावकों के अलावा राह चलते अनेक आमजन से बातचीत की। उन्होंने शहर के कुछ पर्यटक स्थलों का भी अवलोकन किया। इसके बाद रात को ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story