कोटा। विप्र फाउंडेशन की ओर से 21 दिसंबर, रविवार को मंगलेश्वरी गार्डन, रंगबाड़ी रोड, कोटा में आयोजित होने जा रहे विशाल अन्नकूट और राष्ट्रीय स्तर के युवक-युवती परिचय सम्मेलन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर 550 से अधिक युवक-युवतियां अपने परिवारों के साथ भाग लेकर जीवन साथी से परिचय प्राप्त करेंगी। फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर शर्मा (चच्चू भैया) ने पत्रकारों से बातचीत में इस कार्यक्रम की जानकारी दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता होंगे, जबकि अध्यक्षता विप्र फाउंडेशन के संस्थापक एवं संयोजक सुशील ओझा करेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम गुरुजी, राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन अध्यक्ष एस. डी. शर्मा, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, सिविल लाइंस जयपुर विधायक गोपाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य शामिल रहेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों में कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम और कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुरजीत शंकर उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में संतों का भी सानिध्य रहेगा। मंगलेश्वरी मठ महंत आनंद धाम पीठाधीश्वर दंडी स्वामी नर्मदानंद सरस्वती, बालकिशनदास महाराज (ककोड़ वाले), बाबा शैलेन्द्र भार्गव (महंत गोदावरी धाम), महंत जगदीशानंद महाराज (धोकड़े वाले बालाजी) उपस्थित रहकर आशीर्वचन देंगे। फाउंडेशन का उद्देश्य समाज में एकता, चितंन और मंथन के माध्यम से नई दिशा प्रदान करना है।

युवक-युवतियों के परिचय सम्मेलन का यह सातवां संस्करण है। कार्यक्रम का शुभारंभ 21 दिसंबर को शाम 3 बजे पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसमें राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, इंदौर, भोपाल सहित अन्य शहरों से स्टार्टअप, उच्च शिक्षा, व्यवसाय और नौकरी से जुड़े सैकड़ों युवा प्रतिभाग करेंगे। परिचय सम्मेलन के बाद विप्र फाउंडेशन द्वारा परिचय पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों के बायोडेटा, उम्र, शिक्षा, व्यवसाय, जॉब और वार्षिक आय का विवरण शामिल होगा।

शाम 7 बजे विशाल अन्नकूट का आयोजन होगा, जिसमें छप्पन भोग की झांकी, भजन संध्या और अतिथियों का सम्मान शामिल है। इसके पश्चात ठाकुर जी की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। महिला प्रदेश अध्यक्षा शशि शर्मा ने बताया कि मातृशक्ति की विशेष भागीदारी रहेगी, जिसमें ड्रेस कोड में अतिथियों का स्वागत, युवतियों को मंच तक पहुँचाना और भोजन वितरण शामिल रहेगा।

पर्यावरण की दृष्टि से कार्यक्रम पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रहेगा। डिस्पोजल फ्री व्यवस्था के तहत कागज या स्टील से बने गिलास और बर्तन ही उपयोग में लिए जाएंगे। इसके अलावा नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बीपी, शुगर जांच और अनुभवी डॉक्टरों द्वारा परामर्श उपलब्ध होगा। कुंडली मिलान हेतु विद्वान पंडित की भी व्यवस्था रहेगी।

युवा स्वयंसेवक सम्मेलन की सफलता में अहम भूमिका निभाएंगे। नवयुवक संघ के अध्यक्ष वैभव दाधीच, ऋषभ दुबे और सत्य प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि सभी नवयुवक अलग-अलग व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे। इस अवसर पर भुवनेश्वर शर्मा, हरिसूदन शर्मा, कृष्ण मुरारी चतुर्वेदी, शशि शर्मा, अनीता शर्मा, रमेश शर्मा और फाउंडेशन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story