कोटा, 19 दिसंबर। समाज में एकता और युवाओं को जीवन साथी खोजने का अवसर देने के उद्देश्य से विप्र फाउंडेशन के तत्वाधान में 21 दिसंबर, रविवार को मंगलेश्वरी गार्डन, रंगबाड़ी रोड, कोटा में विशाल अन्नकूट एवं राष्ट्रीय स्तर का युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 550 से अधिक युवक-युवतियां अपने अभिभावकों के साथ भाग लेकर मनपसंद जीवन साथी से परिचय प्राप्त करेंगे।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर शर्मा (चच्चू भैया) ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थापक एवं संयोजक सुशील ओझा करेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम गुरुजी, अरुण चतुर्वेर्दी (अध्यक्ष, राज्य वित्त आयोग), एस. डी. शर्मा (अध्यक्ष, ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में हरिमोहन शर्मा (विधायक, बूंदी), संदीप शर्मा (विधायक, कोटा दक्षिण), गोपाल शर्मा (विधायक, सिविल लाइंस जयपुर), अशोक डोगरा (पूर्व विधायक, बूंदी) समेत कई गणमान्य व्यक्तित्व शामिल रहेंगे।

संतों का भी विशेष सानिध्य प्राप्त होगा, जिनमें मंगलेश्वरी मठ के महंत आनंद धाम पीठाधीश्वर दंडी स्वामी नर्मदानंद सरस्वती, बालकिशनदास जी महाराज (ककोड़ वाले), बाबा शैलेन्द्र भार्गव (महंत गोदावरी धाम) और महंत जगदीशानंद महाराज (धोकड़े वाले बालाजी) शामिल होंगे। उनका आशीर्वचन कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों के लिए मार्गदर्शन का काम करेगा।

प्रदेश प्रमुख संगठन मंत्री हरिसूदन शर्मा ने बताया कि यह सातवां राष्ट्रीय स्तर का परिचय सम्मेलन है। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 3 बजे पूजा-अर्चना के साथ होगा, जिसमें कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, राजस्थान और मध्यप्रदेश के साथ इंदौर, भोपाल सहित अन्य शहरों के स्टार्टअप बिजनेस, उच्च शिक्षा एवं जॉब से जुड़े सैकड़ों विवाह योग्य युवक-युवतियां अपने अभिभावकों के साथ उपस्थित होंगे।

परिचय सम्मेलन के उपरांत फाउंडेशन द्वारा परिचय स्मारिका का विमोचन किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों के बायोडेटा प्रकाशित होंगे। इस स्मारिका में उम्र, शिक्षा, व्यवसाय, वार्षिक आय और अन्य विवरण देखकर उपयुक्त जीवन साथी का चयन किया जा सकेगा।

शाम 7 बजे से विशाल अन्नकूट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छप्पन भोग की झांकी और भजन संध्या का रंगारंग कार्यक्रम शामिल होगा। अतिथियों का सम्मान और ठाकुर जी की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। महिला प्रदेश अध्यक्षा शशि शर्मा ने बताया कि मातृशक्ति की विशेष भागीदारी रहेगी, जिसमें अतिथियों का स्वागत, युवतियों को मंच तक पहुंचाना और भोजन वितरण की जिम्मेदारी होगी।

पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम पूरी तरह डिस्पोजल फ्री होगा। आयोजन में कागज से बने गिलास और स्टील के बर्तन उपयोग किए जाएंगे। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर और कुंडली मिलान के लिए विद्वानों की व्यवस्था भी रहेगी। नवयुवक संघ के सदस्य विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग कर कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करेंगे।

भुवनेश्वर शर्मा (चच्चू भैया) ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से समाज में चितन और मंथन से नई दिशा मिलेगी, तथा युवाओं और परिवारों के लिए जीवन साथी चुनने का एक सुसंगठित अवसर प्रदान होगा। यह कार्यक्रम ब्राह्मण समाज में उत्साह और एकता का प्रतीक बनकर उभरेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story