शिक्षा, खेल और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विप्र फाउंडेशन द्वारा रविवार को रंगबाड़ी रोड स्थित मंगलेश्वरी गार्डन में भव्य मेधावी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 115 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में दीपक नंदवाना, जगदीश शर्मा (लोकपाल) तथा एमडी मिशन कॉलेज के निदेशक राज दाधीच शामिल रहे। समारोह की अध्यक्षता विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर शर्मा (चच्चू भैया) ने की। मंच पर हरिसूदन शर्मा, कृष्ण मुरारी चतुर्वेदी, शशि शर्मा, नमन शर्मा और डॉ. अमित व्यास सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

अपने संबोधन में विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि विप्र फाउंडेशन लगातार प्रतिभाओं और समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, उत्साह और आगे बढ़ने का जज्बा पैदा करते हैं, साथ ही उनमें संस्कारों का भी विकास होता है।

विशिष्ट अतिथि एवं करियर विल कोचिंग के हेड ऑफ डिपार्टमेंट दीपक नंदवाना ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। उन्होंने अपने संस्थान के शुरुआती संघर्षों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को चुनौतियों के बीच भी विश्वास बनाए रखने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर उन्होंने विप्र फाउंडेशन को 51 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भुवनेश्वर शर्मा (चच्चू भैया) तथा कृष्ण मुरारी चतुर्वेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य बच्चों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।

विप्र फाउंडेशन के प्रदेश प्रवक्ता रमेश चंद्र गौतम ने बताया कि समारोह में वर्ष 2025-26 की परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, नीट एवं आईआईटी में चयनित अभ्यर्थियों, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं को दुपट्टा, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान नन्ही बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्यों ने कार्यक्रम में आकर्षण का विशेष रंग भरा और उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, समाजजन और विप्र बंधु उपस्थित रहे।

प्रतिभाओं को सम्मानित करने की यह पहल न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई प्रदान करती है, बल्कि समाज में शिक्षा, प्रतियोगी उत्कृष्टता और सकारात्मक उपलब्धियों के प्रति प्रेरणादायक वातावरण भी निर्मित करती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story