जीवन मूल्यों के बिना मानव जीवन का कोई महत्व नहीं है और मूल्यविहीन शिक्षा व्यक्ति तथा समाज दोनों के लिए घातक सिद्ध होती है। यह विचार विद्या भारती राजस्थान के उपाध्यक्ष एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर के अध्यक्ष भरतराम जी कुम्हार ने स्वामी विवेकानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय, महावीर नगर तृतीय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में व्यक्त किए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश शर्मा ने जानकारी दी कि विद्या भारती राजस्थान क्षेत्र के 10 दिवसीय नवीन प्रधानाचार्य प्रशिक्षण वर्ग 2026 के अंतर्गत आयोजित बौद्धिक सत्र में मार्गदर्शन करते हुए भरतराम कुम्हार ने भारतीय जीवन मूल्यों की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नारी के प्रति मातृत्व भाव, पृथ्वी के प्रति मातृभूमि का बोध, अहिंसा, अपरिग्रह तथा मातृ-पितृ और आचार्य के प्रति देवतुल्य सम्मान भारतीय संस्कृति की प्रमुख विशेषताएं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सनातन के माध्यम से ही श्रेष्ठ जीवन मूल्यों का संरक्षण और संवर्धन संभव है।

अपने संबोधन में उन्होंने भगवान राम को सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने शबरी और निषाद राज को अपनाकर तथा गिद्धराज जटायु को पिता के समान सम्मान देकर उनके अंतिम संस्कार स्वयं कर सामाजिक समानता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का प्रारंभ माननीय अतिथियों द्वारा सरस्वती माता के समक्ष दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ हुआ तथा समापन राष्ट्रगीत के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्या भारती राजस्थान क्षेत्र के संगठन मंत्री श्री गोविंद कुमार, अखिल भारतीय प्रशिक्षण सहसंयोजक राम मनोहर जी, जोधपुर प्रांत निरीक्षक भगवत दान जी, चित्तौड़ प्रांत सचिव मानेंग जी पटेल, वर्ग संयोजक श्री नवीन कुमार झा, वर्ग के प्रबंध प्रमुख सतीश कुमार गौतम सहित प्रशिक्षक टोली के अधिकारी और प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने जीवन मूल्यों, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के परस्पर संबंध को रेखांकित करते हुए समाज में नैतिक चेतना के सुदृढ़ीकरण का संदेश दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story