कोटा। कोटा जिला वैश्य महासम्मेलन के तत्वावधान में इस वर्ष का बहुप्रतीक्षित वैश्य अन्नकूट महोत्सव एवं वैश्य महासंगम 16 नवंबर 2025, रविवार को सीएडी ग्राउंड में भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य वैश्य समाज के सभी घटकों को एक सूत्र में पिरोना और एकता, सेवा तथा सांस्कृतिक गौरव का संदेश देना है।

मुख्य संयोजक महेश गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे, जबकि अध्यक्षता कोटा उत्तर विधायक व पूर्व मंत्री शांति धारीवाल करेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा तथा लाडपुरा विधायक कल्पना देवी शामिल होंगी। वहीं विशिष्ट अतिथियों में नागरिक सहकारी बैंक अध्यक्ष राजेश बिरला, उपभोक्ता भंडार चेयरमैन हरि कृष्ण बिरला, महापौर राजीव अग्रवाल, पूर्व महापौर रत्ना जैन, एलन कोचिंग के निदेशक गोविंद माहेश्वरी, उद्योगपति राजेन्द्र अग्रवाल, समाजसेवी गोविंद नारायण अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहेंगे।

जिलाध्यक्ष दिनेश विजय के अनुसार, इस वर्ष के अन्नकूट में प्रदेशभर से लगभग 20 से 25 हजार वैश्य समाजबंधु भाग लेंगे। आयोजन में देशभर से आए कलाकारों द्वारा भव्य झांकियां और भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें इंडियन आइडल फेम पंकज मारवाड़ी और उनकी टीम की मनमोहक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

स्वागत समिति अध्यक्ष सुशील मोदी ने बताया कि इस अवसर पर समाज की प्रतिभाओं और वरिष्ठजनों का सम्मान किया जाएगा। 80 वर्ष से अधिक आयु के 100 वृद्धजनों तथा 50 वर्ष से अधिक वैवाहिक जीवन पूर्ण कर चुके दंपत्तियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं “वैश्य रत्न” और “वैश्य गौरव सम्मान” भी इस वर्ष प्रदान किए जाएंगे।

महिला अध्यक्ष रजनी गुप्ता और प्रदेश उपाध्यक्ष पुष्पांजलि विजय ने बताया कि महिलाओं और युवतियों की टीम पूरे आयोजन के स्वागत और आदर-सत्कार का दायित्व संभालेगी। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित महिलाएं अतिथियों का तिलक और अक्षत लगाकर स्वागत करेंगी।

मंच व्यवस्था समिति अध्यक्ष भुवनेश गुप्ता ने कहा कि इस अवसर पर समाज को नई दिशा देने वाले अनेक संकल्प लिए जाएंगे। इनमें “थाली में इतना ही लें जितना खाएं”, “वोकल फॉर लोकल”, “आत्मनिर्भर भारत” और “सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन” जैसे प्रेरक संदेश शामिल रहेंगे। साथ ही विवाह की बढ़ती आयु, घटती जनसंख्या और अनावश्यक प्री-वेडिंग शूट जैसी प्रवृत्तियों पर भी सार्थक विमर्श होगा।

आयोजन को पर्यावरण-संवेदनशील और जनजागरूक बनाने के लिए इसे “प्लास्टिक मुक्त अन्नकूट” घोषित किया गया है। युवा अध्यक्ष रामबाबू गुप्ता और युवती अध्यक्ष महिमा बंसल ने बताया कि इस अवसर पर एसआईआर (स्मार्ट इन्क्लूसिव रेस्पॉन्सिबिलिटी), स्वच्छता, नेत्रदान, देहदान, अंगदान और रक्तदान जैसे अभियानों के प्रति भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा। बच्चों के लिए किड्स जोन और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी विशेष प्रबंध किया गया है, जिससे हर आयु वर्ग इस आयोजन से जुड़ाव महसूस कर सके।

कोटा का यह वैश्य अन्नकूट महोत्सव समाज की एकजुटता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का ऐतिहासिक प्रतीक बनने जा रहा है। इस भव्य आयोजन के माध्यम से न केवल समाज की परंपराएं सशक्त होंगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सांस्कृतिक मूल्यों का गहरा संदेश भी छोड़ा जाएगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story