कोटा।

कोटा में वैश्य समाज के सबसे बड़े सामूहिक आयोजन “वैश्य अन्नकूट महोत्सव एवं वैश्य महासंगम” को लेकर उत्साह अपने चरम पर है। आगामी 16 नवंबर को होने वाले इस भव्य आयोजन के लिए कोटा जिला वैश्य महासम्मेलन की टीमें इन दिनों घर-घर जाकर पीले चावल और आमंत्रण पत्र बांट रही हैं, ताकि समाज का हर सदस्य इस ऐतिहासिक मिलन समारोह में शामिल हो सके।

जिला समन्वयक मुकेश विजय ने बताया कि समाज के प्रत्येक घटक तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आयोजन समिति घर-घर जाकर व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण दे रही है। उन्होंने कहा कि अन्नकूट महोत्सव केवल एक धार्मिक या सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि वैश्य समाज की एकता, सहयोग और संस्कारों का प्रतीक है।

सोमवार को जिला अध्यक्ष दिनेश विजय के नेतृत्व में अन्नकूट आयोजन समिति ने भामाशाह मंडी पहुंचकर विजयवर्गीय समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं प्रमुख कारोबारी सीताराम विजय का सम्मान किया। इस अवसर पर समिति सदस्यों ने उन्हें पीले चावल और आमंत्रण पत्र भेंट करते हुए पूरे विजयवर्गीय समाज को अन्नकूट महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

जिला महामंत्री भुवनेश गुप्ता और जगदीश अग्रवाल ने बताया कि अन्नकूट आयोजन समिति समाज के विभिन्न घटकों के बीच आपसी समन्वय और सहभागिता बढ़ाने का प्रयास कर रही है। जिलाध्यक्ष दिनेश विजय ने विजयवर्गीय समाज के प्रतिनिधियों से महासंगम की सफलता के लिए सहयोग का आग्रह करते हुए कहा कि यह आयोजन समाज की सामूहिक शक्ति और एकजुटता का प्रतीक बनेगा।

इस अवसर पर संभाग प्रभारी आर.के. राजवंशी, सह संयोजक प्रकाशचंद गुप्ता, भगवान सहाय विजय, रामअवतार सहाडा माहेश्वरी, प्रमेन्द्र विजय, राधेश्याम विजय और वर्धमान जैन सहित अनेक गणमान्य समाजजन उपस्थित रहे।

कोटा का यह वैश्य अन्नकूट महोत्सव न केवल समाजिक समरसता का सशक्त उदाहरण बनेगा बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एकता, सेवा और सहयोग की प्रेरणा भी प्रदान करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story