वैश्य अन्नकूट महोत्सव 2025 : सामूहिकता, सेवा और संस्कृति का भव्य संगम होगा कोटा में
कोटा में 16 नवंबर को होने जा रहे वैश्य अन्नकूट महोत्सव 2025 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कोटा जिला वैश्य महासम्मेलन की बैठक में समितियों का गठन किया गया, जिसमें सेवा, संस्कृति और सामूहिकता के संदेश के साथ समाज को एक मंच पर लाने का संकल्प लिया गया।

कोटा। वैश्य समाज की एकता, परंपरा और सेवा भाव का प्रतीक बनने जा रहा “वैश्य अन्नकूट महोत्सव 2025” इस वर्ष 16 नवंबर को सीएडी ग्राउंड, कोटा में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में कोटा जिला वैश्य महासम्मेलन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को एमबी इंटरनेशनल स्कूल, महावीर नगर थर्ड में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित हुई, जिसमें समाज के विभिन्न घटकों के पदाधिकारी, प्रबुद्धजन, युवा एवं महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दिनेश विजय ने की। उन्होंने कहा कि वैश्य अन्नकूट महोत्सव केवल एक धार्मिक या सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोने वाला अवसर है। इस बार आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के साथ ही समाज में सेवा, संस्कार और सामूहिकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
मुख्य संयोजक महेश गुप्ता ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव इस बार प्रेरणास्पद रहेगा, जिसमें युवाओं की प्रमुख भागीदारी होगी और समाज के हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, वैश्य समाज के संरक्षक एवं पूर्व महापौर महेश विजय ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जो व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाएंगी।
जिला महामंत्री भुवनेश गुप्ता और जगदीश अग्रवाल चुनेवाले ने बताया कि भोजन व्यवस्था समिति की जिम्मेदारी रामविलास जैन को सौंपी गई है, मंच व्यवस्था भुवनेश गुप्ता के अधीन रहेगी, जबकि टोकन वितरण, टेंट और भोजन वितरण जैसी व्यवस्थाओं के लिए सत्यप्रकाश गुप्ता, रविन्द्र गुप्ता, जगदीश अग्रवाल और द्वारका प्रसाद खंडेलवाल को समिति अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही अन्य समितियों का गठन भी किया गया है, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे।
बैठक में उप संयोजक प्रवीण गुप्ता ने कहा कि इस वर्ष का अन्नकूट समाज में व्याप्त कुछ कुरीतियों को मिटाने का माध्यम भी बनेगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता पंकज मेहता ने अतिथि के रूप में भाग लेकर समाज की इस एकजुटता की सराहना की। महिला विंग से रजनी गुप्ता ने बताया कि आयोजन में महिलाओं और बेटियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी, जो अतिथियों के स्वागत और सत्कार का कार्य संभालेंगी।
सह संयोजक प्रकाशचंद गुप्ता और हेमंत जैन ने बताया कि इस वर्ष प्रत्येक घटक अपने आराध्य देव की झांकियों को प्रदर्शित करेगा, जिससे युवा वर्ग को धार्मिकता और परंपरा की ओर प्रेरित किया जा सके। युवा अध्यक्ष रामबाबू गुप्ता और युवती अध्यक्ष महिमा बंसल ने कहा कि युवाओं की टीम पूरे उत्साह से जिम्मेदारियां निभा रही है और बुजुर्गों के अनुभवों का लाभ उठाकर आयोजन को नई दिशा देगी।
कोषाध्यक्ष सत्यप्रकाश गुप्ता और कार्यकारी अध्यक्ष रविन्द्र कुमार गुप्ता ने बताया कि इस अन्नकूट महोत्सव के माध्यम से “बेटी व्यवहार”, “प्लास्टिक मुक्त आयोजन” और “झूठन नहीं छोड़ने” जैसे सामाजिक संदेश भी दिए जाएंगे। साथ ही समाज में संस्कारों की स्थापना, बड़ों का सम्मान और भारतीय संस्कृति के गहन अध्ययन को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश महिला उपाध्यक्ष पुष्पांजलि विजय, अग्रवाल समाज के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमराज जिंदल, अग्रसेन संस्कार समिति अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल, चित्तोडा समाज अध्यक्ष पुरुषोत्तम चित्तोडा, मेडतवाल समाज के राधेश्याम गुप्ता, माथुर वैश्य समाज अध्यक्ष केपी गुप्ता, महावर समाज महामंत्री शिवकुमार गुप्ता और विजयवर्गीय समाज के पूर्व अध्यक्ष गिर्राज विजय सहित 18 समाजों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में अन्नकूट महोत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का संकल्प लिया और इसे समाज की एकता का प्रतीक बताया।
- वैश्य अन्नकूट 2025वैश्य अन्नकूट महोत्सव कोटावैश्य महासम्मेलन कोटाकोटा सीएडी ग्राउंड कार्यक्रममहेश गुप्ता वैश्य समाजदिनेश विजय कोटावैश्य महासंगमवैश्य समाज कार्यक्रम राजस्थानकोटा समाचारवैश्य समाज एकताVaishya Annakoot 2025Kota Vaishya SammelanVaishya MahasangamMahesh Gupta Vaishya CommunityDinesh Vijay KotaRajasthan social eventKota newsVaishya Samaj unity

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
