हल्द्वानी। उत्तराखंड को भविष्य में देश का अग्रणी स्पोर्ट्स इकोनॉमी हब बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, खेल आधारित आर्थिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर एक गंभीर विमर्श आयोजित किया गया। उत्तराखंड राज्य खेल विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के गैलापार स्थित परिसर में आयोजित 'उत्तराखंड स्पोर्ट्स साइंस कॉन्क्लेव-2026' में खेल क्षेत्र के विकास के लिए नए आयामों पर मंथन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अमित सिंहा ने किया। उन्होंने बताया कि राज्य के प्रत्येक जिले में 'खेल हब' परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है और विश्वविद्यालय में आगामी जुलाई से प्रवेश प्रक्रिया तथा अगस्त से शैक्षणिक सत्र का विधिवत संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

इस कॉन्क्लेव में कोटा विश्वविद्यालय की प्रो. डॉ. अनुकृति शर्मा की प्रस्तुति 'स्पोर्ट्स मैनेजमेंट फॉर स्पोर्ट्स-लेड इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड यूथ जॉब अपॉर्च्युनिटीज इन उत्तराखंड' मुख्य आकर्षण रही। डॉ. शर्मा ने अपने शोध और रोडमैप के माध्यम से स्पष्ट किया कि हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक विशिष्टता, साहसिक खेलों की अपार संभावनाओं और योग-वेलनेस पर्यटन के वैश्विक प्रभाव के कारण उत्तराखंड के पास एक सुदृढ़ स्पोर्ट्स इकोनॉमी विकसित करने की अद्भुत क्षमता है। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से राज्य में निर्मित खेल अधोसंरचना को मील का पत्थर बताया।

डॉ. शर्मा ने स्पोर्ट्स मैनेजमेंट को खेल संगठनों और व्यवसाय के वैज्ञानिक प्रबंधन का एक बहुआयामी अनुशासन बताते हुए स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध स्तर पर विशिष्ट पाठ्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया। उनके अनुसार, इससे स्पोर्ट्स मार्केटिंग, स्टेडियम प्रबंधन, खेल पत्रकारिता और एडवेंचर टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने युवाओं को स्टार्टअप और नवाचार से जोड़ने के लिए 'स्पोर्ट्स इन्क्यूबेशन सेंटर' की स्थापना पर विशेष जोर दिया। इस दिशा में 'खेलो इंडिया' और 'उत्तराखंड स्टार्टअप नीति-2023' जैसी सरकारी योजनाओं को एक उत्प्रेरक के रूप में रेखांकित किया गया। कॉन्क्लेव के दौरान खेल विश्वविद्यालय और फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) के बीच हुए एमओयू ने इस पहल को संस्थागत मजबूती प्रदान की है, जिससे छात्र भविष्य में बेहतर खेल संसाधनों का लाभ उठा सकेंगे। इस कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा कर खेल और अर्थव्यवस्था के अंतर्संबंधों को नई दृष्टि प्रदान की।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story